शहर में फ्लैग मार्च करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्षता से कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरी तरह से कमर कस ली है। किसी भी तरह से शांतिभंग न होने पाए, इसके लिए पुलिस ने जनपद के सभी धर्मस्थलों को रडार पर लिया है। सभी स्थलों की वीडियोग्राफी और फोटो खींची जाएगी। दीवारों पर गलत बात लिखने, गलत चीज डालने, परिसर में माइक से गलत बात बोलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है।
प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रथम चरण में जनपद में मतदान होना है। 11 फरवरी को जिले की सभी छह विधानसभा पर मत डाले जाएंगे। आयोग ने निर्देश पर एसएसपी बबलू कुमार ने जनपद पुलिस को हर थाना क्षेत्र में स्थित धर्मस्थलों की वीडियोग्राफी कराने के अलावा फोटो भी खींचने के निर्देश दिए हैं। धर्मस्थलों की दीवारों पर धार्मिक बात, नारा या फिर कोई गलत बात लिखने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। स्थलों के भीतर मीट या अन्य कोई वस्तु डालकर माहौल खराब करने वालों से प्रशासन सख्ती से निपटेगा।
धर्मस्थलों के भीतर माइक से गलत बात कहने वाले के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर दी जाएगी। किसी भी धर्मस्थल के आसपास की विवादित भूमि पर मतदान होने तक निर्माण नहीं होगा। ऐसे में कोई विवाद हुआ तो दोनों पक्षों को जेल भेज दिया जाएगा। एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर सभी थानों से सिपाहियों की ड्यूटी धर्मस्थलों पर निगाह रखने के लिए लगाई गई है।