पुराने टेलीफोन की क्यों बढ़ी मांग, साइबर प्रकोष्ठ ने शुरू की जांच
मुजफ्फरनगर। तीन दशक पहले बंद हो चुके टेलीफोन उपकरण के खरीदार अचानक बढ़ गए हैं। पिछले दस दिन में 20 से अधिक लोग बीएसएनएल कार्यालय उन्हें खरीदने पहुंचे हैं। इसमें सॉलिड मैग्नेट और कंडेक्टर टाइमिंग हैवी सर्किट होने की वजह से इसके दुरुपयोग की आशंका पर बीएसएनएल अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस फोन खरीदने पहुंचे दो युवकों से पूछताछ कर रही है। इन्होंने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया पर एक फोन के बदले बीस हजार रुपये देने की बात कही जा रही है। फिलहाल साइबर प्रकोष्ठ ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीएसएनएल का ऐसा कोई बड़ा ऑफिस नहीं है, जहां लोग फोन लेने के लिए नहीं पहुंचे हैं। बीएसएनएल के एसडीओ संजीव शर्मा के अनुसार 20 से अधिक लोग इन टेेलीफोन की मांग के लिए उनके और उनके कर्मचारियों के पास आ चुके हैं। इससे पूरा विभाग बेचैन है। इस टेलीफोन की मांग बढ़ने को लेकर अधिकारी भी आशंकित हैं। शुक्रवार को उनके पास दो युवक इस टेलीफोन की डिमांड को लेकर आए, तो उनसे पूछताछ की। इन युवकों ने बताया कि फेसबुक और व्हाट्सएप पर हमें एक फोन के बदले बीस हजार की ऑफर मिली है। मामले की संदिग्धता को देखते हुए सिविल लाइन पुलिस को बुला लिया गया और दोनों युवकों को सौंप दिया गया। एसडीओ ने बताया कि इसमें सॉलिड मैग्नेट और कंडेक्टर टाइमिंग हैवी सर्किट होने की वजह से इसके दुरुपयोग का अंदेशा है। जो लोग खरीदने को कर रहे हैं, पुलिस को उन तक पहुंचना चाहिए।
तीस साल पहले हो चुके टेलीफोन बंद
ये रोटेरी डायल टेलीफोन 30 साल पहले बंद हो चुके हैं। एचएमटी कंपनी का यह पुराना डायल टेलीफोन काले रंग का होता था। अब इसका कोई यूज विभाग की किसी व्यवस्था में नहीं है।
तह तक जाने की कोशिश कर
रही है साइबर क्राइम की टीम
मुजफ्फरनगर। एसपी सिटी सतपाल आंतिल ने बताया कि दूरसंचार विभाग के अधिकारियों की शिकायत के बाद दो युवकों से सिविल लाइन पुलिस ने पूछताछ की है। उन्होंने बताया कि युवकों ने टेलीफोन को म्यूजियम में प्रयोग करने की बात कही है, जिस व्यक्ति ने इसके बदले बीस हजार देने की बात की है। किस फेसबुक आईडी और व्हाट्सएप से डिमांड आ रही है और अचानक इतनी अधिक डिमांड क्यों बढ़ी, इसके पीछे कौन है, साइबर क्राइम की टीम इसकी जांच रही है।