संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। महापंचायत के दौरान पुलिस की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। किसान वाहन पहुंचते ही नगर के अधिकतर मार्गो पर जाम लग गया। महावीर चौक-सरकुलर रोड पर तो महा पंचायत में पहुंचे किसानों ने सड़क पर ही अपने ट्रैक्टर खड़े कर दिए, जिससे जाम लगा गया। लगभग ढाई घंटे तक पूरी तरह जाम लगा रहा।
किसानों के वाहन पहुंचने के मद्देनजर व्यवस्था बनाने को शहर के सभी चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया था। शहर में शिव चौक, मीनाक्षी चौक, खालापार, भगत सिंह रोड, रुड़की रोड़ पर किसानों के वाहनों को पुलिसकर्मियों ने रास्ता रोक कर निकाला, लेकिन मीनाक्षी चौक पर वाहनों को रोके जाने का आरोप लगाते हुए किसान सड़क पर धरना देकर बैठ गए तब वहां डयूटी पर तैनात शाहपुर थाना प्रभारी कर्मसिंह ने मामला किसी त रह संभाला। महावीर चौक व सरकुलर रोड, मंडी पुल पर जाम रहा। हालात से गुस्साएं किसानों ने यहां अपने वाहन सड़क पर खड़े कर जाम लगा दिया था तब एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने पहुंच कर किसानों को समझाया। बावजूद इसके दोनों स्थानों पर लगभग दो घंटे तक पूरी तरह जाम लगा रहा।
स्वयं सेवकों ने संभाली चौराहों की व्यवस्था
हालांकि सभी चौराहों पर पुलिस तैनात थी फिर भी भाकियू के स्वयं सेवकों ने चौराहों की व्यवस्था संभाली। किसान वाहनों को अपनी देखरेख में निकलवाया। कार्यकर्ता नगर के मुख्य चौराहों के किनारे देखभाल के लिए भी बैठे रहे।
राहगीर चले पैदल
मीनाक्षी चौक-प्रकाश चौक से महावीर चौक की तरफ चौपहिया वाहन नहीं जाने दिए गए। जिस कारण यहां तक राहगीर पैदल पहुंचे। उधर, रोडवेज बसों का संचालन भी शहर के बाहर रामपुर तिराहा, वहलना तिराहा, जानसठ व भोपा पुल के पास से किया गया। बसों तक पहुंचने के लिए राहगीर परेशान रहे।
पार्किंग भूले, इधर-उधर खड़े किए वाहन
पुलिस द्वारा बनाए पार्किंग स्थल पर खड़े न कर किसानों ने अपने वाहन बसपा, भाकियू कार्यालय, जीआईसी मैदान व सरकुलर रोड पर खड़े किए।
महापंचायत के दौरान नगर के जानसठ पुल पर लगे जाम में वाहनों की लगी लंबी कतार।