24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित, लोगों ने झेली परेशानी
17.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जिले में, मई में हुआ ठंड का एहसास
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। पिछले करीब 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश ने मुसीबत बढ़ा दी है। खेतों में गेहूं भीगने से थ्रेसिंग थम गई। क्रय केंद्रों पर गन्ना खरीद प्रभावित हुई। सड़कों पर आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। अधिकतम तापमान में 9.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का अहसास बढ़ गया।
जिले में रविवार शाम करीब सात बजे से शुरू हुई बारिश सोमवार शाम तक रुक-रुककर जारी रही। मौसम विज्ञान विभाग ने जिले में 17.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की है। सोमवार दोपहर 12 से शाम चार बजे तक तेज बारिश हुई। दिन का तापमान 21.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 31.2 रिकॉर्ड किया गया था। बारिश से गेहूं की कटाई और थ्रेसिंग का कार्य प्रभावित हो गया है। फसल के भीग जाने से किसानों को थ्रेसिंग रोक देनी पड़ी।
आवागमन प्रभावित, जगह-जगह जलभराव
बारिश के कारण जिले में आम जन जीवन अस्त-व्यस्त रहा। आवागमन प्रभावित रहा। शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया।
गन्ने और ज्वार की बुआई प्रभावित
छपार। बारिश ने जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। बारिश के कारण ठंड बढ़ गई। गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। बारिश के कारण गन्ने और चारे की बुआई भी लेट हो रही है।
शाहपुर में जलभराव बना परेशानी
शाहपुर कस्बे व देहात में बरसात से मुख्य बाजार सहित कई मोहल्लों में जलभराव होने के साथ परेशानी खड़ी हो गई। मोहल्ला मंगलापुरी मंडी में भी जलभराव की स्थिति बन गई । इसके अलावा देहात के कुछ किसानों के खेतों में खड़ी व कटी हुई गेहूं की फसल को भी भारी नुकसान हुआ है ।