मंगलवार की शाम तेज आंधी के बाद जमकर बारिश हुई। आंधी और बारिश से किसानों की गेहूं की फसल काफी नुकसान हुआ है। तैयार गेहूं की फसल कई क्षेत्रों में गिर गई है, इससे किसान चिंतित दिखाई दे रहा है।
मौसम में अचानक आए बदलाव से जहां आदमी को गर्मी से राहत मिलती दिखाई दी, वहीं आंधी के बाद बारिश आ जाने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान गेहूं और सरसों की फसल में है। ये दोनो फसलें खेतों में तैयार खड़ी हैं।
मंगलवार को लगातार दूसरे दिन बारिश हुई। शाम से समय अचानक तेज हवा चलनी प्रारंभ हुई, कुछ ही देर में इन हवाओं ने आंधी का रूप धारण कर लिया। आंधी से जनजीवन ठहर गया। आंधी में शहर में जगह-जगह होर्डिग्स और बैनर गिर गए। आंधी के कारण एक घंटे तक बिजली भी बाधित रही।
आंधी के बाद आई तेज बारिश से फसलों को काफी नुकसान जताया जा रहा है। गेहूं की जो फसल हवा में गिर गई है और गिरने के बाद ऊपर से बारिश हो गई है, ऐसे स्थानों पर अधिक नुकसान होने की उम्मीद है। किसान तैयार फसल के चलते मौसम को लेकर सबसे ज्यादा परेशान है। शहर में बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। कुछ सड़कों पर कीचड़ जैसी स्थिति बन गई है।
रोहाना में हवा के साथ हुई मूसलाधार बारिश
रोहाना। मंगलवार शाम को अचानक तेज हवाएं चली और लगभग आधे घंटे तक जमकर बारिश हुई। किसानों की गेहूं की फसल भी गिर गई और खेतों में खड़ी सरसों को नुकसान हुआ। खेतों में पानी भर जाने से किसानों गन्ना आपूर्ति करने में आएगी कठिनाइयां। ईख बुवाई के लिए किसानों के सामने आई दिक्कत जिससे खेतों में पड़ा बीज भी हो गया खराब। प्रगतिशील किसान पंकज भगत राजीव त्यागी, अरविंद मलिक, संजीव चेयरमैन का कहना है कि इस समय गेहूं की फसल तैयार खड़ी है और ईख की बुवाई चल रही है। बारिश से फसलों को नुकसान हुआ है।
बेमौसम की बारिश से किसानों के चेहरे मुरझाए
खतौली। बेमौसम की बारिश से किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं। इस बारिश से गेहूं व सरसों की फसल को सबसे ज्याद नुकसान पहुंचेगा। मंगलवार की शाम को आकाश में काली बादल मंडराने लगे थे। पौने 8 बजे के करीब पहले तेज आंधी आई। इसके बाद मूसलाधार बारिश पड़नी शुरू हो गई थी।
बारिश के साथ आकाश में तेज आवाज के साथ बिजली कड़कने लगी। किसान राजेंद्र, सतीश, इस्लाम, बाबूराम, वसीम, राजपाल, बिजेंद्र आदि किसानों का कहना है कि बेमौसम की बारिश से खेतों में तैयार खड़ी गेहूं व सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा है।