सहारनपुर। टैक्स एडवोकेट एसोसिएशन की ओर से साइबर अपराधों को रोकने के लिए एक सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें ऑनलाइन फ्राॅड से बचने के सुझाव दिए गए।
दिल्ली रोड स्थित जीएसटी भवन के सभागार में आयोजित सेमिनार का शुभारंभ अध्यक्ष राजेश कपूर महासचिव दीपक जैन, कोषाध्यक्ष अचिंत तायल, संरक्षक ज्ञानपाल गुप्ता आदि ने किया। अध्यक्ष राजेश कपूर ने कहा कि टेक्नोलॉजी के विकास के साथ ही फ्रॉड करने के तरीके भी विकसित हुए हैं। महासचिव दीपक जैन ने कहा कि सतर्कता ही बचाव है। साइबर क्राइम की टीम एक सजग प्रहरी रूप में कार्य करती है।
कोषाध्यक्ष अचिंत तायल ने कहा कि आजकल काफी कार्य ऑनलाइन हो गए हैं, इसलिए फ्रॉड से बचने की जानकारी होना आवश्यक है। साइबर टीम के साबिर अली ने बताया कि किसी अनजान नंबर से फोन आने पर ओटीपी बिल्कुल ना बताएं। साइबर अपराध होने पर 1930 नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साइबर टीम की पूनम सिंह एवं गौरव सिंह आदि ने भी विचार रखे। पूर्व अध्यक्ष अनिल गुप्ता, विनय अग्रवाल, एचके अरोरा, अमित गोयल आदि मौजूद रहे।