पुरकाजी में सोलानी नदी का पानी रविवार को खादर क्षेत्र में पहुंचने से बाढ़ के हालात बन गए। जिसको लेकर ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। जंगलों में चारों तरफ पानी ही पानी नजर आने से ग्रामीण परेशान हैं। कई गांवों के रास्तों पर पानी आ जाने से आवागमन प्रभावित हो गया है।
इसके अलावा कई गांवों के मुख्य रास्तों पर भी पानी आ जाने से आवागमन प्रभावित हो जाने से ग्रामीणों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया। इतना ही नहीं बच्चे स्कूलों तक नहीं पहुंच पाए और विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। गांव शेरपुर के रपटे पर भी पानी आ जाने से वहां से गुजरने वाले राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
गुरमीत सिंह, कांता सिंह, बोहड़ सिंह, राजेंद्र पांचली, राजू प्रजापति, राजेंद्र कुमार आदि ग्रामीणों का कहना है कि अगर रात में पानी बढ़ता है, तो रास्ते पूरी तरह बंद हो जाएंगे और पशुओं के लिए चारे की विकट समस्या के साथ लोग अपने घरों में कैद होकर रह जाएंगे। इस संबंध में तहसीलदार सदर रंजीत सिंह ने बताया कि लेखपालों को बाढ़ चौकियों पर तैनात कर हालात पर नजर रखने के निर्देश दे दिए गए हैं।
क्षेत्र में नाव का इंतजाम कर दिया गया है। इसके अलावा ग्रामीणों को हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने बताया कि पानी धीरे धीरे कम हो रहा है और शीघ्र ही हालात सामान्य हो जाने की संभावना है। उधर, मीरापुर कच्चा-पक्का शिव मंदिर परिसर में बना तीन दरवाजों का एक कमरा बारिश के चलते रविवार सुबह भरभराकर ढह गया।
पुजारी राजपाल ने बताया कि कमरे में बछिया बांधी जाती है, जिसे कमरे की जर्जर हालत देख पहले ही निकाल लिया गया था। इसके चलते कमरे ढहने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। उधर, कस्बे के ईदगाह रोड पर जलभराव के चलते वहां से आवागमन दूभर हो गया है। लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत की ओर से पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की गई है।