पुरकाजी। खादर क्षेत्र में लगातार बारिश होने व उत्तराखंड से बार-बार पानी आने से सोलानी नदी उफनाई हुई है। पानी नदी से बाहर निकलकर गांवों के रास्तों व घरों तक पहुंच गया है। पशुओं के लिए हरे चारे की विकट समस्या बनी हुई है।
मंगलवार को सोलानी नदी फिर उफना गई। पानी नदी से बाहर निकलकर जंगलों व खेतों और कई गांवों के रास्तों पर पानी आ जाने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। गांव शेरपुर नगला, रामनगर व रजगल्लापुर आदि गांवों के रास्तों पर ज्यादा पानी भर जाने से ग्रामीण घरों में कैद होकर रह गए। पानी लगातार बढ़ने के चलते ग्रामीण बेहद चिंतित व भयभीत हैं। डॉ. गुलशन कुमार, यादराम प्रजापति, परमाल सिंह, रामधन, पोपेंद्र गुर्जर, रणधीर सिंह, सेवाराम, अमित कुमार, संदीप, जॉनी का कहना है कि पिछले करीब डेढ़ माह से सोलानी नदी का पानी खेतों में भरा हुआ है, जिससे गन्ने व धान और चारे की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात का मौसम होने के कारण वायरल बुखार का प्रकोप भी चल रहा है। मगर क्षेत्र में उपचार कराने का कोई इंतजाम नहीं है। क्षेत्रीय लेखपाल कृष्णपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम प्रधानों व जिम्मेदार ग्रामीणों को अपने अपने गांवों में अलर्ट रहने के लिए कह रखा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव रामनगर, रजगल्लापुर , शेरपुर नगला व रतन पुरी के रास्तों पर पानी भरा हुआ है। यहां लोगों को आने- जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है।