रोनी हरजीपुर के परिषदीय स्कूल में बारिश के कारण जलभराव में निकलते बच्चें
चरथावल। रोनी हरजीपुर गांव के शहीद पूर्ण सिंह जूनियर हाईस्कूल की छत टपकने के कारण परिसर में जलभराव हो गया। कमरों में पानी भरने से बच्चों का अवकाश कर दिया गया। प्रशासन जर्जर छत को ठीक कराने में विभाग की उदासीनता पर ग्रामीणों में आक्रोश है।
उधर, बेमौसम बारिश के कारण खेतों में भरे पानी में कटी पड़ी गेहूं की फसल गल गई है। दूधली निवासी अर्जुन बताते है पानी से लबालब खेत में कटी गेहूं की फसल बर्बाद हो गई। नरेंद्र सैनी, महक सिंह राणा, शेरपाल और कुलदीप का कहना है कि देवबंद मिल ने आठ मई अंतिम पेराई सत्र की तिथि तय की है। बारिश से गन्ने की छिलाई बंद हो गई। विभाग को किसानों का गन्ना खेतों में खड़ा रहने तक मिल बंद नहीं किए जाने की मांग की है। उधर, रोनी हरजीपुर के किसान हरपाल शर्मा, रमेश शर्मा, बृजपाल, ठाकुर राजेंद्र राणा, मुकेश राणा, जयकरण का कहना है कटा गेहूं खेतों में गलने से भूसा नहीं बन पाएगा। भाकियू के युवा मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर बारिश में नुकसान की भरपाई करने की मांग की है।