- जिला मुख्यालय पर श्रीराम कॉलेज में होगा जागरुकता कार्यक्रम
- तहसील, ब्लॉक और गांव में भी लोगों को किया जाएगा जागरूक
फोटो समेत
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। सीमा पर बढ़ते तनाव को देखते हुए आमजन को जागरूक करने के लिए प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। युद्ध की स्थिति में बचाव के तौर-तरीके लोगों को बताए जाएंगे। बुधवार को श्रीराम कॉलेज में मॉक ड्रिल होगी। तहसील, ब्लॉक और देहात में भी अधिकारी भ्रमण कर ग्रामीणों को जानकारी देंगे।
विकास भवन सभागार में पुलिस-प्रशासन की संयुक्त बैठक में नागरिक सुरक्षा पर मंथन किया गया। डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी समझे और जिले के हर व्यक्ति को जागरूक करे।
लोगों को यह बताए जाने की जरूरत है कि अगर युद्ध की स्थिति बनती है तो कौन-कौन सी सावधानी बरतनी चाहिएं। जिला मुख्यालय पर परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीराम कॉलेज में बुधवार को शाम चार बजे अभ्यास होगा। इसमें करीब 28 विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भाग लेंगे। शिक्षण संस्थाओं के अध्यापकों के जरिए बच्चों और अभिभावकों तक जानकारी पहुंचाने के लिए पहल की जाएगी।
एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सायरन बजने की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा स्वास्थ्य, बिजली आपूर्ति के विषय में अवगत कराया जाएगा। मॉक ड्रिल में विभागों के अफसर, आपदा प्रबंधन इकाइयां, नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी कैडे्टस, पुलिसकर्मी शामिल रहेंगे।
इनसेट
स्वास्थ्य सेवाएं अलर्ट, इमरजेंसी में वार्ड आरक्षित
मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य सेवाएं भी अलर्ट मोड पर हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए स्वामी कल्याण देव जिला अस्पताल इमरजेंसी का एक वार्ड मरीजों के लिए आरक्षित कर दिया गया है।
सोमवार को सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया और जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय वर्मा, चिकित्सकों के बीच मंत्रणा हुई। निर्णय लिया गया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी विभाग का एक वार्ड आरक्षित रखा जाए। केवल अपरिहार्य स्थिति में ही चिकित्सक और पेरा मेडिकल स्टाफ की छुट्टी स्वीकृत की जाए। इस दौरान 102 और 108 एंबुलेंस भी तैयार रखी जाए। सीएमएस ने बताया कि दवाइयों का स्टॉक बनाए रखने के आदेश दिये गए हैं।
लोगों को बताएं, किस तरह रहना है होशियार
मुजफ्फरनगर। एडीएम प्रशासन नरेंद्र हादुर सिंह ने बताया कि निर्देश दिए गए कि सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित करें। लोगों को सिविल डिफेंस के विषय में जागरूक करें। इसके साथ ही आम नागरिकों को बताएं कि हवाई हमले और आपात स्थिति में उन्हें क्या करना चाहिए। कहां छिपना है, कैसे सुरक्षित रहना है और किससे संपर्क करना है। सुरक्षा उपाय, सायरन, शरण स्थल पर चर्चा की गई। अभ्यास के दौरान सामने आयी कमियों व समस्याओं को दूर कर उन्हें सुधारना जाएगा। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, एसपी देहात आदित्य बंसल मौजूद रहे।