शाहपुर। थाना पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से धमकी के मामले में वांछित अभियुक्त घायल हो गया। वह अपहरण के मामले में जमानत पर आया हुआ है।
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र की कुटबा पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी गांव बसीकलां से आदमपुर जाने वाले मार्ग पर देर रात चेकिंग कर रहे थे । इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जान से मारने की धमकी देने वाला वांछित अभियुक्त गांव कुटबी निवासी सुनील उर्फ काला ढिंढावली जाने वाले तिराहे के पास खड़ा है, जो कहीं जाने की इरादे से है ।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसका पीछा किया तो उसने पुलिस पर गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। तब पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। सीओ ने बताया कि घायल गिरफ्तार आरोपी जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित चल रहा है ।
इसके अलावा उसके विरुद्ध थाना नई मंडी में अपहरण, गैंगस्टर व आर्म्स एक्ट आदि के मुकदमे दर्ज है। पुलिस ने घायल आरोपी के पास से एक तमंचा के अलावा जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं । सीओ बुढ़ाना ने बताया कि आरोपी नई मंडी कोतवाली दर्ज अपहरण के मामले में जमानत पर आया है। उसका चालान कर दिया है।