संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। वायरल बुखार लोगों को जकड़ रहा है। इसके साथ ही डायरिया के मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है। जिला अस्पताल ओपीडी में बुखार पीड़ित 300 से अधिक मरीज प्रतिदिन पहुंच रहे हैं जबकि डायरिया पीड़ित मरीजो की संख्या भी बढ़ रही है। कुछ मरीजों में बुखार के साथ-साथ डायरिया के भी लक्षण सामने आ रहे हैं। गंभीर मरीजोंं को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा र हा है।
बरसात के मौसम में ने संक्रामक रोगों में इजाफा किया है। निजी चिकित्सकों सहित जिला अस्पताल में मरीजों की भरमार है। पंजीकरण खिड़की से लेकर ओपीडी एवं दवा खिड़की तक मरीजों को तीन बार लाइन में लगने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वायरल बुखार के संक्रमण के चलते अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 1500 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। जिनमें बुखार पीड़ितों की संख्या 300 से अधिक रहती है।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. योगेन्द्र त्रिखा का कहना है कि बरसात के चलते संक्रामक रोग लोगों को जकड़ रहे हैं। लोगों को एहतियात की आवश्यकता है।
बीमारी की शुरुआत नजला और खांसी एवं गले में खराश के साथ होती है। ऐसे लक्षण वाले शादी-विवाह अथवा अन्य समारोह में जाएं तो मास्क लगाएं। बेहतर होगा कि बुखार पीड़ित सार्वजनिक स्थानों पर जाने से परहेज करें।
वायरल बुखार के कारण मरीजों के शरीर में कमजोरी भी महसूस हो रही है। बताया कि बुखार पीड़ितों को डायरिया के साथ ही पेट दर्द की भी शिकायत भी सामने आ रही है। उन्होंने लक्षण नजर आते ही चिकित्सक से परामर्श लेकर उपचार शुरू करने की सलाह दी। बीमारी के बचाव के लिए जरूरी है कि हाईजेनिक फूड लिया जाए। बासी खाना नुकसान देता है, जिससे पेट में संक्रमण का खतरा रहता है।.