मीनाक्षी चौक पर चिन्हकित उपद्रवीयों के फोटो देखते नागरिक।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
शहर में उपद्रवियों के फोटो लगे पोस्टर चस्पा
मुजफ्फरनगर। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध मेें शुक्रवार को हुए उपद्रव मामले में बुधवार को चिह्नित हुए उपद्रवियों के फोटो लगे पोस्टर शहर में चस्पा कर दिए गए हैं। मदीना चौक व सरवट समेत 20 से अधिक स्थानों पर लगाए गए इन पोस्टरों के जरिये लोगों से उपद्रवियों के संबंध में पुलिस को बताने की अपील के साथ ही इनाम की भी घोषणा की गई है।
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में भड़की हिंसा के मामले में घटना के समय कराई गई वीडियोग्राफी, ड्रोन व सीसीटीवी के जरिये उपद्रवियों की पहचान के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत घटना के समय हिंसा करते हुए कैद हुई भीड़ में से करीब दो सौ से अधिक उपद्रवियों के फोटो चिह्नित किए गए हैं। बुधवार को चिह्नित किए गए उपद्रवियों के फोटो के पोस्टर बनवाकर शहर में 20 से अधिक स्थानों पर लगवा दिए गए हैं। इनमें मदीना चौक, सरवट फाटक, कच्ची सड़क, मीनाक्षी चौक, शिव चौक, नावल्टी चौक समेत अन्य स्थल शामिल हैं। पोस्टरों के जरिये लोगों से उपद्रवियों की पहचान कर उनके संबंध में पुलिस को सूचना देने की अपील करते हुए इनाम दिए जाने की भी घोषणा की है। वहीं, बुधवार को चस्पा किए गए पोस्टरों को देखने के लिए भीड़ लगी रही। हालांकि शाम तक पुलिस के समक्ष एक भी ऐसा व्यक्ति नहीं आया, जिसने किसी उपद्रवी को पहचान लेने का दावा किया हो।