संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बृहस्पतिवार देर शाम संधावली पुल के पास शीरे से लदे टेंकर के पलटने के कारण सड़क पर हालात अभी तक पूरी तरह सुधर नहीं पाए हैं। हालांकि क्षेत्रीय लोगों ने सड़क पर पड़े शीरे पर मिट्टी डालकर स्थिति संभालने की कोशिश की। लेकिन इसके बाद यह मिट्टी वाहनों के टायर से चिपक कर दूर तक फैल गई। शुक्रवार को भी कई दोपहिया वाहन चालक वाहन के फिसलने पर घायल हो गए, तो तेज गति से दौड़ाकर लाए गए चौपहिया वाहन दूर तक फिसलते चले गए।
बृहस्पतिवार को हाईवे पर बिखरे शीरे को सड़क से हटाने के लिए दमकल विभाग की टीम ने भरसक प्रयास किए थे। सड़क को पानी डालकर कई घंटे तक साफ किया गया। लेकिन हालात पूरी तरह से सुधर नहीं सके। इसके बाद रात में इस मार्ग से गुजरने वाले छोटे बडे़ सभी वाहनों को पुलिसकर्मियों ने मौके पर तैनात रहकर सावधानी पूर्वक निकाला। उस समय तो वाहन धीमी गति से निकाल दिए गए।
लेकिन दिन निकलने पर तेज गति से दौड़े आ रहे वाहन उधर पहुंचे तो कई बार बड़े हादसे होने से बचे। यह देखकर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने हादसा न हो, इसके लिए सुबह के समय खुद ही ट्रैक्टर ट्राली में मिट्टी लाकर सड़क पर बिखरे शीरे पर डाली। इससे हालात ज्यादा सुधर तो नहीं पाए लेकिन शीरा वाहनों के टायरों के साथ चिपक कर दूर तक फैल गया और वाहन फिर भी फिसलते रहे। शाम तक वाहन इस क्षेत्र में बड़ी ही सावधानी पूर्वक चले।
इन्होंने कहा-
शीरे से लदा टेंकर पलटने के बाद से पुलिसकर्मियों को वहां सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था जो वाहन चालकों को धीमी गति व सावधानी पूर्वक वाहन चलाने की हिदायत दे रहे थे। अब हालात सामान्य है - बिजेंद्र सिंह रावत, थाना प्रभारी मंसूरपुर।