मुजफ्फरनगर, चरथावल। एटीएम से रुपये निकालने आए दंपती का 30 हजार नकदी से भरा बैग लेकर आरोपी फरार हो गया। शोर मचाने पर भीड़ ने उसके दूसरे साथी को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी हरियाणा के हिसार जनपद का एटीएम से ठगी करने का माहिर बताया गया है।
सोमवार को कस्बे के बस स्टैंड पर एक बैंक के एटीएम से चौकड़ा निवासी मिथुन अपनी पत्नी के साथ रुपये निकालने आया था। प्राइवेट बैंक का लोन चुकाने के लिए वह घर से 30 हजार की नकदी भी लेकर आया था। उसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। उनमें से एक एटीएम कक्ष में रुपये से भरा बैग कुर्सी से उठाकर फरार हो गया। जबकि दूसरा साथी एटीएम बदलकर रुपये निकालने के लिए मौके पर रहा। रुपये का बैग गायब होने की भनक लगी तो पीड़ित ने शोर मचाया। आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंच हुए और एक आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास मौजूद पर्स में विभिन्न बैंकों के 70 कार्ड बरामद हुए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसएसआई ने बताया भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा है। वह हरियाणा के हिसार जिले का संजय है। उसका साथी सुमित मौके से रुपये लेकर फरार हुआ है। गिरफ्त में आया आरोपी फर्जीवाड़ा कर एटीएम से रुपये निकालने में माहिर बताया गया है। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।