मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से चल रहे प्रशिक्षण शिविर में तीसरे दिन ग्राम प्रधानों और वीडीओ को प्रशिक्षण दिया गया। संकट की घड़ी में आपदा से बचाव के लिए कई तरह के टिप्स दिए।
प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षकों ने भूकंप एवं शीतलहर से बचाव को लेकर विस्तार से बताया। प्रशिक्षक पंकज त्यागी ने बताया कि विषम परिस्थिति से निपटने के लिए दिमागी तौर पर तैयार रहना चाहिए। आपात किट के प्रयोग को लेकर भी जानकारी दी। सड़क दुर्घटना होने पर बचाव के लिए टिप्स दिए। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार ने ग्राम प्रधानों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से रूबरू होते हुए प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि आपदा में हमेशा ग्रामीण क्षेत्र ज्यादा प्रभावित होता है, ऐसे में पंचायतों की जिम्मेदारी अधिक बढ़ जाती है। ग्राम प्रधान व अन्य प्रतिनिधि अपने गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को आपदा से बचाव के प्रति जागरूक करें। इस प्रशिक्षण में जो सीखा है, उसका 20 प्रतिशत भी यदि ग्रामीणों को सिखाने में कामयाब रहे तो यह बड़ी बात होगी। इस मौके पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला, आपदा पटल प्रभारी नासिर हुसैन, मास्टर ट्रेनर शीजा खानम, अनुराधा वर्मा, बुशरा, पंकज त्यागी, विवेक गोयल, गुलफाम अहमद, योगेश कुमार, जैकी कुमार, शिखा शर्मा, निकिता रमन, रेनू रानी, अजय कुमार, अमित कौशिक, प्रवेश कुमार, रविंद्र कुमार मौजूद रहे।