संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि भाजपा सरकार में बुलडोजर जाति और धर्म देखकर चलाया जा रहा है। किसान, मजदूर, युवा हर कोई परेशान है। बेसिक शिक्षा को समाप्त कर दिया गया है। किसानों को गन्ने का भुगतान नहीं मिल रहा है। सरकार मिल मालिकों से मिली हुई है।
सरकुलर रोड स्थित राष्ट्रीय लोकदल के कार्यालय पर पहुंचे संगठन के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि किसानों से सरकार हर लोन पर ब्याज लेती है, उन्हें बकाया भुगतान का ब्याज दिया जाए। किसानों से हर लोन पर भारी भरकम ब्याज वसूला जाता है। ऐसे में उन्हें गन्ने के भुगतान पर भी ब्याज दिया जाना चाहिए। किसानों का 15 दिनों के भीतर भुगतान होना चाहिए। सरकार व्यापार कर रही है।
गांव के सेंटरों पर भाजपा के पहचान वालों ने पब्लिक स्कूल खोल लिए है। इंडिया गठबंधन मजूबती के साथ चुनाव लड़ेगा और जीत हासिल करेगा। इस मौके पर रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान, पुरकाजी से विधायक अनिल कुमार, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, जिलाध्यक्ष संदीप चौधरी, अजीत राठी, भगत सिंह, जियाउर्रहमान, सादिक त्यागी, रामनिवास पाल, नौशाद, शेखर त्यागी और रामअवतार मौजूद रहे।
26 को खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे जयंत
रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान और पुरकाजी से विधायक अनिल कुमार ने बताया कि जिले में 26 अक्तूबर को रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। तीन अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रम तय है। उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों में जिले के बसेड़ा निवासी अर्जुन देशवाल, काकड़ा निवासी पुनीत और पुरबालियान निवासी किरण बालियान पदक जीतकर लौटे हैं। तीनों खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए जयंत चौधरी जिले में आएंगे।