मुजफ्फरनगर। गांव दधेडू निवासी महिला ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने के चलते शौहर पर मारपीट कर तीन तलाक देने और तेजाब फेंकने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
चरथावल क्षेत्र के गांव दधेड़ू निवासी सायमा उर्फ आसमां ने बताया कि उसका निकाह करीब साढ़े छह साल पूर्व मंसूरपुर क्षेत्र के गांव जड़ौदा निवासी युवक से हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। कुछ समय पूर्व आरोपियों ने बच्चे अपने पास रखकर महिला को घर से निकाल दिया था। पीड़िता के अनुसार, गत 22 मार्च को वह ससुराल गई थी, जहां शौहर व अन्य परिजनों ने उसके साथ बंधक बनाकर मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने चुन्नी से गला दबाकर हत्या की कोशिश की। तेजाब भी फेंका, जिससे वह झुलस गई। अगले दिन शौहर ने उसे तीन तलाक कहकर घर से निकाल दिया। आरोप है कि तहरीर दिए जाने के बावजूद मंसूरपुर थाना पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।