फल विक्रेता की वीडियो वायरल, हंगामा
मुजफ़्फरनगर। मोहल्ला कृष्णापुरी में फल विक्रेता की करतूत का वीडियो वायरल होने से हंगामा मचा हुआ है। आरोप है कि विक्रेता युवक दूषित पानी बोतल में भरकर फलों पर छिड़कने का प्रयास कर रहा था। पुलिस आरोपी को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णापुरी में मंगलवार सुबह एक युवक रेहड़ी में अनानास बेचता घूम रहा था। मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि एक मोड़ पर सुनसान जगह देख युवक ने लघुशंका की। प्लास्टिक की बोतल में दूषित पानी भर लिया। आरोप है कि युवक ने उक्त गंदगी युक्त पानी फलों पर छिड़कने का प्रयास किया, जिसे ऐसा करते हुए अपने घर की छत पर खड़ी एक महिला ने देखकर शोर मचा दिया। इस पर युवक ने उक्त बोतल रेहड़ी में छिपा दी। महिला का शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद उक्त बोतल रेहड़ी से बरामद कर ली गई। यह देख एक महिला ने युवक की चप्पल से पिटाई भी कर दी, जिसके बाद आरोपी ने कान पकड़कर माफी मांगते हुए बमुश्किल अपनी जान बचाई। किसी ने इस पूरे प्रकरण की मोबाइल से वीडियो क्लिप बना ली, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। शहर कोतवाली इंस्पेक्टर अनिल कपरवान का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वीडियो में कैद आरोपी को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है, जांच के उपरांत जिसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।