मुजफ्फरनगर :::::::: शहर कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में आये हथियार तस्करी के आरोपी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
नगर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा, चार पिस्टल, दो बैग और एक बाइक बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली पुलिस ने दो ऐसे तस्करों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है, जो यूपी, हरियाणा, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में ऑन डिमांड हथियार सप्लाई करते थे। यह लोग विक्की त्यागी के बेटे रक्षित त्यागी के कहने पर हथियारों की तस्करी करते थे। पुलिस को अभी इस मामले में रक्षित त्यागी सहित चार की तलाश है।
एसएसपी विनीत जायसवाल ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में बताया कि शहर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हथियार तस्कर आयुष उर्फ वासु शर्मा और देव मित्तल निवासी मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है। दोनों कमीशन लेकर हथियारों की सप्लाई करते थे। डिमांड के हिसाब से ये यूपी, हरियाणा, उत्तराखंड सहित कई राज्यों में हथियार की तस्करी करते थे।
एसएसपी के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे विक्की त्यागी के बेटे रक्षित त्यागी निवासी पावटी के कहने पर हथियारों को ले जाते थे। एक पिस्टल 30-35 हजार और एक तमंचा 5-7 हजार रुपये में बेचा जाता था। बेचे गए माल की पूरी रकम यह लोग रक्षित को देते थे, जिसके बाद वह उनका कमीशन देता था। पुलिस को अभी इस मामले में रक्षित त्यागी, गोलू त्यागी, अभिनव राणा और आयुष त्यागी की तलाश है। आयुष के खिलाफ 2021 में भी तीन मुकदमे दर्ज है। इनके कब्जे से चार पिस्टल, दो बैग और एक बाइक बरामद हुई है।