- सदर बाजार से कचहरी में खुलने वाले रास्तों को भी वाहनों के लिए रोका जाएगा
- कचहरी परिसर में वाहनों को बढ़ते दबाव को रोकने के लिए उठाया कदम
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। कचहरी परिसर में वाहनों के बढ़ते दबाव को रोकने के लिए प्रशासन और जिला बार संघ ने संयुक्त प्रयास शुरू कर दिए हैं। अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, बार अध्यक्ष वसी अंसारी और महामंत्री सुरेंद्र मलिक ने पार्किंग और रास्तों का भ्रमण किया। तय किया गया है कि एसएसपी ऑफिस के सामने से बाहरी वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
कचहरी परिसर में बढ़ती वाहनों की संख्या एवं अव्यवस्थित तरीके से खड़े किए जाने वाले वाहनों से पैदल मार्ग बाधित हो रहे हैं। डीएम चंद्र भूषण सिंह के निर्देश पर कलक्ट्रेट एवं कचहरी परिसर में बाहरी वाहनों के बढ़ती संख्या एवं अनियंत्रित तरीके से खड़े वाहनों पर नियंत्रण के लिए पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया गया। तय किया गया है कि अधिवक्ताओं के वाहन भी पार्किंग में खड़े किए जाएंगे, ताकि आवागमन में लोगों को परेशानी न हो। अपर जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं के लिए नाजिर सदर सुभाष को निर्देशित किया।
बदलाव-एक
हटाई जाएगी अस्थायी पार्किंग
स्वर्गीय तेजेंद्र कुमार अधिवक्ता चैंबर्स की पार्किंग में अस्थायी रुप से बनी कैंटीन को हटाने एवं बाहर से आने वाले वाहनों का इसी स्थल पर पार्क कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे कचहरी में वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। बाहर से आने वाले वाहन सर्विस क्लब वाले रास्ते से प्रवेश कर इसी पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे।
बदलाव-दो
एसएसपी ऑफिस के सामने से प्रवेश नहीं
किसी भी वाहन की एसएसपी कार्यालय/कोर्ट रोड की तरफ से आने वाले रास्तों से कचहरी में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यहां से सिर्फ पैदल आने वाले लोगों को ही प्रवेश मिलेगा।
यह भी किए गए हैं इंतजाम
- कचहरी परिसर के अधिवक्ताओं के लिए दुपहिया वाहनों की पार्किग एसएलओ एवं सीलिंग कार्यालय के पीछे कराई जाएगी।
- सदर बाजार की तरफ से आने वाले छोटे रास्तों को दुपहिया वाहनों के लिए बंद कर केवल पैदल आवगमन के लिए खोला जाएगा।