जिला बार एसोसिएशन ने पार्किंग के लिए अधिकारियों को भेजा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। कलक्ट्रेट परिसर में बेतरतीब तरीके से वाहनों के खड़ा रहने से अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं लिपिकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। समस्या का देखते हुए जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल जिंदल एवं महासचिव जितेंद्र कुमार ने जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी से पार्किंग के लिए स्थान नियत करने की मांग की है।
अधिकारियों को भेजे पत्र में बताया कि कचहरी स्थित कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी, एडीएम प्रशासन, एसडीएम, डीडीसी, एसओसी और सीओ चकबंदी एवं मोटर दुर्घटना प्रतिकर न्यायाधिकरण के न्यायालय संचालित है। इस परिसर में कलक्ट्रेट के प्रशासनिक दफ्तर भी है। कचहरी में रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। वाहनों की संख्या बढ़ रही है। ऐसी स्थिति में एक व्यक्ति जहां जगह मिलती है, वहां अपने वाहन को खड़ा कर काम करने के चला जाता है। इससे दूसरे व्यक्ति को वाहन निकालने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। जिला बार एसोसिएशन ने इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
हवालात के पीछे भूमि पर पार्किंग का प्रस्ताव
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल जिंदल ने बताया एडीएम प्रशासन के आवास के पश्चिम में कलक्ट्रेट की सदर हवालात के पीछे काफी भूमि है। यहां पार्किंग बनने से समस्या से निजात मिल सकती है। पार्किंग व्यवस्था सुचारू करने के लिए जिला फोरम उपभोक्ता संरक्षण के अध्यक्ष से सहयोग का अनुरोध किया है।