चार दिन से लापता युवती का सुराग नहीं लगा सकी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना। अपहृत युवती का चार दिन बाद सुराग न लगने पर वाल्मीकि समाज के लोगों ने थाने पर धरना दिया। तीन दिन में युवती की बरामदगी न होने पर थाने पर भूख हड़ताल कर सफाई व्यवस्था को ठप करने की चेतावनी दी।
ककरौली थाना क्षेत्र के ग्राम जटवाड़ा निवासी ऋषिपाल ने 20 जुलाई को थाने में तहरीर दी थी। बताया था कि गांव के ही युवक ने उसकी बेटी का अपने परिवार के साथ मिलकर अपहरण कर लिया है। अंदेशा जताया था कि आरोपी उसका धर्म परिवर्तन करा सकते है। मगर, अभी तक भी पुलिस युवती का सुराग नहीं लगा सकी है। रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने थाना ककरौली पर धरना दिया। एडवोकेट मनोज सौदाई और मदनलाल चंद्रा ने कहा कि युवती की बरामदगी न होने पर थाने पर भूख हड़ताल करेंगे। इस दौरान रविंद्र बेनीवाल, सोनू सरवट, मंडल महामंत्री भाजपा अमित बेनीवाल, मनुप्रिय, संजीव गहलौत, शीलू बेनीवाल, सुधीर पार्चा, अनुज कुकड़ा, सोनू पाहीवाल, सतपाल वाल्मीकि, जगवीर, आदेश मचल, पप्पू, राजू, संदीप, काला, आशीष कुमार, शेर सिंह, ओमी वाल्मीकि आदि उपस्थित रहे।
उधर, क्षेत्राधिकारी भोपा गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शीघ्र युवती को सकुशल बरामद किया जाएगा।