चरथावल ब्लॉक में बच्चे को टीका लगाती स्वास्थ्य कर्मी महिला
विशेष टीकाकरण पखवाड़े के दूसरे चरण में 190 जगह चला अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के लिए विशेष टीकाकरण पखवाड़े के दूसरे चरण के दूसरे दिन 190 जगह अभियान चलाया गया। दो हजार से ज्यादा बच्चों को टीके लगाए गए। पखवाड़े का दूसरा चरण 24 फरवरी तक चलेगा। इसमें उन बच्चों को टीके लगाए जाएंगे, जो जिले में कराए गए सर्वे में नियमित टीकाकरण से वंचित पाए गए। ऐसे कुल चार लाख 19 हजार 707 बच्चे चयनित किए गए।
जिले में चलाए गए बच्चों के विशेष टीकाकरण अभियान के दूसरे दिन दो हजार 949 बच्चों को टीके लगाए जाने का लक्ष्य था। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि पखवाड़े के दूसरे दिन दो हजार 642 बच्चों को टीके लगाए गए। इसमें टीबी, पोलियो, हेपेटाइटिस, टिटनेस, इंफ्लुएंजा, काली खांसी, दिमागी बुखार और निमोनिया आदि बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया।
उन्होंने बताया कि पखवाड़े की शुरुआत सोमवार से की गई थी। मंगलवार को दूसरे दिन भी अभियान चलाया गया, जो 24 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद तीसरा चरण 13 से 24 मार्च तक चलेगा। इससे पहले प्रथम चरण नौ से 20 जनवरी तक चलाया गया था।