संवाद न्यूज एजेंसी
मीरापुर। ग्राम मुझेड़ा सादात में चल रहे सफाई अभियान के दौरान गांव के कब्रिस्तान की भूमि क्षतिग्रस्त होने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा कर शांत कराया।
ग्राम प्रधान मुझेड़ा की ओर से गांव में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार की दोपहर सफाई कर्मचारी गांव के बाहर बने कब्रिस्तान पर पहुंचे और सफाई अभियान शुरू किया। आरोप है कि सफाई कर्मचारियों ने सफाई करते वक्त कब्रिस्तान भूमि को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस पर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को बमुश्किल शांत किया। ग्राम प्रधान को निर्देश दिया कि सफाई अभियान के नाम पर कोई धार्मिक स्थल पर छेड़छाड़ न की जाएं। ग्राम मुझेडा निवासी आकिब रजा, अनवर, हेदर अली, हुसैन अब्बास आदि ने थाने पहुंच कर ग्राम प्रधान के प्रति विरोध प्रकट किया।
उधर, ग्राम प्रधान के पति इश्तियाक अहमद ने बताया कि सफाई के दौरान कब्रिस्तान की भूमि सफाई मजदूरों से अज्ञानता के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी। क्षतिग्रस्त स्थान पर मिट्टी डलवाकर सही करा दिया जाएगा।
स्कूली बस चालक पर हमला
मीरापुर। शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंड्री स्कूल की मिनी बस को लेकर चालक गौरे सिंह ग्राम जड़वड कटिया में छात्रों को लेने गया था। लौटते वक्त सिकंदरपुर के निकट दो बाइकों पर सवार पांच युवकों ने चालक के साथ गाली गलौज की। लाठी डंडो से हमला किया। बीच बचाव में कुछ स्कूली बच्चों को भी मामूली चोटें आई। चालक गौरे सिंह ने थाने में ज्ञानी निवासी ग्राम जड़वड़ कटिया और चार अज्ञात युवकों के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।