संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वर्ष 2027 की परीक्षा पांच फरवरी से शुरू होने की घोषणा के होने के बाद अब जनवरी में प्री-बोर्ड परीक्षाएं कराए जाने के लिए विद्यालयोें में तैयारी तेज कर दी गई हैं। विभाग की ओर से दसवीं और 12वीं कक्षा का पाठ्यक्रम दस जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्री-बोर्ड परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की तैयारी परखी जाएगी, ताकि मुख्य परीक्षा से पहले उनकी कमजोरियों को दूर कराया जा सके।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं 11 जनवरी से प्रस्तावित हैं, जबकि लिखित परीक्षाएं 18 जनवरी से कराई जानी हैं। मुख्य बोर्ड परीक्षाएं पांच से 24 फरवरी तक प्रस्तावित हैं। ऐसे में विद्यार्थियों के पास प्री-बोर्ड के बाद अपनी तैयारी सुधारने और विषयों का दोहराव करने का अवसर रहेगा।
वैदिक पुत्री पाठशाला की प्रधानाचार्या डॉ. राजेश कुमारी ने बताया कि प्री-बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के लिए मुख्य परीक्षा से पहले अभ्यास का अवसर होगी। इससे उन्हें प्रश्नपत्र हल करने, समय प्रबंधन और उत्तर लिखने के तरीके को समझने में मदद मिलेगी।
शिक्षक भी परीक्षा परिणाम के आधार पर विद्यार्थियों की कमजोरियों को चिह्नित कर उन्हें सुधारने पर ध्यान दे सकेंगे। विद्यालयों में पाठ्यक्रम पूरा कराने के साथ महत्वपूर्ण प्रश्नों का अभ्यास और नियमित दोहराव कराने पर जोर दिया जा रहा है।