बहसूमा (मेरठ)। वह पत्नी प्रीति मंगलम, बहन और बेटे के साथ दर्शन करने गए थे। मंगलवार की सुबह दर्शन के लिए जाते समय अचानक सीने में तेज दर्द उठा और उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही मेरठ और कानपुर में शोक की लहर दौड़ गई।
मूल रूप से कानपुर निवासी हिमांशु कुमार मंगलम वर्तमान में मेरठ में रहकर टिकोला शुगर मिल में यूनिट हेड के पद पर कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि वह सोमवार को परिवार के सदस्यों के साथ केदारनाथ धाम दर्शन के लिए निकले थे। मंगलवार सुबह बाबा केदारनाथ के दर्शन करने से पहले ही रास्ते में ऑक्सीजन कम होने से अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत पर परिजन तुरंत अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मिल में शोक, कर्मचारियों की आंखें नम
हिमांशु मंगलम के निधन की सूचना मिलते ही टिकोला शुगर मिल में शोक छा गया। यूनिट के सभी कर्मचारी स्तब्ध हैं। प्रबंधन ने बताया कि हिमांशु मंगलम मिल के सबसे अनुभवी अधिकारियों में से थे। उनके नेतृत्व में मिल ने कई रिकॉर्ड उत्पादन किए थे।
आज लाया जाएगा पार्थिव शरीर
परिजनों के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर बुधवार सुबह पहले मिल में लाया जाएगा। कानपुर स्थित पैतृक आवास पर भी शोक की लहर है।