- एक चालक शाहपुर के गांव निरमानी और दूसरा राजस्थान के झुंझनू का निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर दो ट्रकों की आमने -सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों ट्रक चालकों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक चालकों के शव पोस्टमार्टम को भेज दिए। घटना की सूचना पुलिस ने मृतकाें के परिजनों को दी है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव निरमानी का रहने वाला भूरा (34) पुत्र शेरजन बृहस्पतिवार तड़के अपने ट्रक में कागज के बंडल लेकर दिल्ली जा रहा था। बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर ढाबे के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की भूरा के ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बायवाला चौकी इंचार्ज ओमेंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही सीओ गजेंद्र पाल सिंह और इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र मौके पर पहुंच गए।
सीओ ने बताया कि एक होटल के पास ट्रकों में आमने-सामने की टक्कर हुई है। इस हादसे में दोनों ट्रक चालकों की मौत हो गई। एक चालक की शिनाख्त शाहपुर के निरमानी गांव निवासी भूरा (34) पुत्र शेरजान व दूसरे की शिनाख्त राजस्थान के झुंझनू जिले के गांव ओजटू निवासी लक्ष्मीकांत (36) पुत्र सुभाष चंद्र के रूप में हुई है। घटना की सूचना दोनों मृतकों के परिजनों को दे दी गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के गांव निरमानी निवासी ट्रक चालक भूरा के परिवार में शोक छा गया। पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने दोनों चालकों के शव पोस्टमार्टम को भेज दिए। निरमानी गांव मेंं गम का माहौल है।
स्कूल में घुसा अनियंत्रित ट्रक, टला बड़ा हादसा
मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पूर्व प्राथमिक विद्यालय काजीखेड़ा में एक अनियंत्रित ट्रक घुस गया। जिसमें विद्यालय की रसोई घर की दीवार पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया। काजीखेड़ा के ग्राम प्रधान मानसिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह करीब पांच बजे एक अनियंत्रित ट्रक प्राथमिक स्कूल में घुस गया। विद्यालय की रसोई की दीवार ट्रक की चपेट में आने से गिर गई। उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि यह हादसा सुबह के समय हुआ, नहीं तो इसकी चपेट में स्कूली बच्चे भी आ सकते थे। उन्होंने कहा कि वह लगातार प्रशासन से स्कूली बच्चों के लिए रिंग रोड बनवाने की मांग कर रहे हैं, जिसपर किसी का ध्यान नहीं है। फिलहाल ग्रेन मंगवाकर ट्रक को बाहर निकाल लिया गया है।