- तहसीम उर्फ मोटा को एसटीएफ टीम ने बुढ़ाना के गढ़ी सखावत चौराहे से पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शामली के मोहल्ला मोमीनपुरा नौकुआं रोड बर्फवाली गली निवासी तहसीम उर्फ मोटा को लखनऊ की एसटीएफ टीम ने बुढ़ाना के गढ़ी सखावत चौराहे से पकड़ा है। एसटीएफ तहसीम को पकड़ने के लिए पिछले दो दिनों से लगी थी और उसे पकड़ कर अपने साथ लखनऊ ले गई। उधर, खुफिया विभाग ने जनपद मुजफ्फरनगर में तहसीम का नेटवर्क खंगालना शुरू किया है।
तहसीम का नकली नोट की तस्करी का बडा नेटवर्क है। उसका पड़ोसी व साथी इमरान दो अगस्त 2023 को एसटीएफ ने छह लाख आठ हजार तीन सौ रुपये नकली बरामद कर पकड़ा गया था। उस समय इमरान, तहसीम व इमरान के दो भाइयों बिलाल व तस्लीम तथा कांधला निवासी नफीस के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में तहसीम फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार तहसीम व उसका भाई कलीम आइएसआइ के एजेंट थे। कलीम को पूर्व में पकड़ा जा चुका है। अब तहसीम को दस जनवरी को एसटीएफ टीम ने बुढ़ाना के गढ़ी सखावत चौराहे से गिरफ्तार किया है।
टीम आरोपी को पकड़ कर अपने साथ ले गई, लेकिन बुढ़ाना कोतवाली पुलिस व अन्य पुलिस अधिकारी को इसकी भनक तक नहीं लगी। उधर, यह जानकारी पाकर जिला का खुफिया विभाग सक्रिय हुआ है।