पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर लालूखेड़ी के पास अनियंत्रित कार सड़क किनारे खाई में पलट गई, जिसमें दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक को मेरठ रेफर किया गया है। सभी युवक हरियाणा के पानीपत के निवासी हैं, जो शनिवार रात कार से गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे।
हरियाणा के पानीपत शहर के मोहल्ला कलंदर चौक निवासी राहुल (21), अंशुल (15) पुत्रगण राजकुमार, हिमांशु पुत्र संजय, प्रमोद पुत्र सत्यनारायण, रविंद्र पुत्र ओमप्रकाश और मोहित पुत्र आत्मप्रकाश अर्टिका कार से शनिवार रात हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। कार को मोहित चला रहा था।
तितावी थाना क्षेत्र में पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर लालूखेड़ी से आगे रात करीब दो बजे कार अनियंत्रित होकर पहले बिजली के खंभे से और फिर नीम के पेड़ से टकराकर खाई में पलट गई। कार पलटते ही कार सवारों में चीख पुकार मच गई। रात का समय होने के कारण जल्दी से घायलों को सहायता भी नहीं मिल पाई। कुछ दूरी पर स्थित चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों भाई अंशुल, राहुल और हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। प्रमोद की हालत गंभीर होने के चलते उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। दो अन्य रविंद्र और मोहित भी चोट लगने से घायल हैं। गाड़ी से मिले मोबाइल नंबरों से पुलिस ने पानीपत में मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी।
सुबह दिन निकलते ही सभी युवकों के परिजन थाने पहुंचे और पुलिस से हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शहर निवासी रिश्तेदार सुशील पुत्र गणेशदास निवासी उत्तरी सिविल लाइन की ओर से घटना की तहरीर थाने में दी गई। जिसके आधार पर हादसे का मुकदमा दर्ज किया गया है।
ओवरटेकिंग के दौरान हुआ हादसा
पानीपत से हरिद्वार जा रहे युवकों की कार का संतुलन ओवरटेक के चक्कर में हुआ। जैसे ही चालक ने कार को दूसरे वाहन से आगे निकालने का प्रयास किया तभी अचानक सामने से एक वाहन आ गया और कार चालक अपना नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित होने के कारण कार खाई में पलट गई और हादसा हो गया, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई।