छपार में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाइवे-58 पर हुए भीषण सड़क हादसे में मेरठ के दो युवकों की मौत हो गई तथा तीन गंभीर घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई गई है। सभी दोस्त रविवार तड़के गंगा स्नान के बाद कार से मेरठ लौट रहे थे। छपार थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़ेड़ी गेट के पास उनकी कार अचानक डिवाइडर को पार कर दूसरी ओर से आ रहे कैंटर से जा टकराई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घायलों को मेरठ रेफर किया गया।
मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र की फूलबाग कॉलोनी निवासी अरुण गुप्ता (25) पुत्र रामकुमार गुप्ता, उसका भाई अभय (25) तथा कालोनी के ही सचिन (23) पुत्र हरि सिंह, चिराग(24) पुत्र प्रदीप अपने दोस्त गांधीनगर निवासी अतुल कुमार (27) पुत्र कुलदीप के साथ शनिवार को कार से गंगा स्नान के लिए हरिद्वार गए थे।
रविवार तड़के पांचों दोस्त हरिद्वार से लौट रहे थे। कार अतुल चला रहा था। उसके बराबर में अरुण बैठा था तथा बाकी तीनों पीछे बैठे थे। तड़के करीब चार बजे दिल्ली-देहरादून नेशनल हाइवे पर छपार थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़ेड़ी गेट के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर हाइवे के डिवाइडर से टकराते हुए कैंटर से टकरा गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखचे उड़ गए। चालक अतुल की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाकी चारों दोस्त गंभीर घायल हो गए। सभी कार में बुरी तरह से फंस गए। राहगीरों की सूचना पर डायल 100 और छपार पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों की मदद से कार से सभी को निकाल कर एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने अरुण गुप्ता को भी मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक उपचार के बाद अभय, सचिन और चिराग को मेरठ रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पर परिजन भी यहां पहुंच गए थे। मृतक अरुण के रिश्तेदार मेरठ की मानसरोवर कालोनी निवासी अमित गर्ग ने छपार थाने पर दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद अरुण और अतुल के शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। उधर, अभय को मेरठ के आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
नींद की झपकी से हुआ हादसा
मुजफ्फरनगर। पुलिस के अनुसार चालक अतुल को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। उनकी कार की गति काफी तेज थी। नींद की झपकी के कारण कार डिवाइडर से टकराई, तो चालक का कार पर नियंत्रण नहीं रहा और कार कई बार पलटते हुए डिवाइडर को पार कर दूसरी ओर सामने से आते कैंटर से जा टकराई। सभी युवक आपस में दोस्त हैं, जिन्होंने शनिवार को हरिद्वार घूमने का प्रोग्राम अचानक बनाया था। अरुण एक प्राईवेट कंपनी में नौकरी करता था, जबकि उसका भाई अभय भी एक मेडिकल स्टोर पर नौकरी करता है।
हाइवे का यातायात बाधित रहा
मुजफ्फरनगर। हादसे के कारण करीब दो घंटे तक नेशनल हाईवे एक साइड का यातायात बाधित रहा। रुड़की की ओर को जाने वाले यातायात को दूसरी ओर से निकाला गया। क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को क्रेन से हटवाया गया, तब जाकर सुबह करीब छह बजे यातायात सुचारु हुआ।