पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़े बाइक चोर गिरोह के सदस्य। सीओ प्रेस वार्ता करते हुए।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बुढ़ाना। देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक बदमाश फरार हो गया। पुलिस ने मौके से चोरी की एक बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद किया। पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर छह अन्य चोरी की बाइक बरामद कीं। सीओ ने बताया कि नशा व अन्य महंगे शौक पूरे करने के लिए आरोपी बाइक चुराते थे।
कस्बे के चंधेड़ी रोड़ पर शनिवार को देर रात पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी इंस्पेक्टर मगनवीर सिंह गिल को मोबाइल पर बाइक चोर गिरोह के सदस्यों के आने की सूचना मिली। पुलिस बल के साथ इंस्पेक्टर भी चंधेड़ी रोड़ पर पहुंच गए। कुछ देर बाद बाइक सवार तीन युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बदमाश फायर करने के बाद बाइक छोड़कर गन्ने के खेत में कूद गए। पुलिस ने घेराबंदी कर दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश फरार हो गया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चोरी की बाइक व तमंचा बरामद किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने बदमाशों की निशान देही पर चोरी की छह अन्य बाइक बरामद की। सीओ गिरिजा शंकर त्रिपाठी व इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़ा गया आशीष पुत्र ब्रह्मपाल बागपत जनपद के दोघट थाना क्षेत्र के गांव भड़ल और शाहवेज पुत्र याकूब कस्बे के मोहल्ला करबला रोड़ का रहने वाला है। फरार होने वाला बदमाश विपिन पुत्र सुभाष भी बागपत जनपद के गांव भड़ल का रहने वाला है। उन्होने बताया कि उनके कब्जे से मिली बाइक हरियाणा व दिल्ली नंबर की है।