देवबंद (सहारनपुर)। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई पांच बाइकें बरामद की हैं। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मंगलवार को पुलिस देवबंद-रुड़की मार्ग स्थित मानकी गांव के समीप वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान वहां से गुजरे दो युवकों ने पुलिस को देखकर बाइक को दौड़ा लिया। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने पुलिस को चोरी की पांच बाइकें बरामद कराई। जिन्हें उन्होंने आसपास के जनपदों और देवबंद क्षेत्र से चुराया था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में मोहल्ला गुज्जरवाड़ा निवासी जैद व आमिर शामिल हैं। रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है। बरामद बाइकों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।