पुलिस ने किसान के हत्यारोपी दबोचे
खतौली (मुजफ्फरनगर)। भैंसी के जंगल में सोमवार को मेरठ के बहसूमा निवासी किसान की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
भैंसी के जंगल में सोमवार को किसान की हुई हत्या के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने दबिश देकर नामजद किए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पहले पुलिस उन्हें बहसूमा थाने ले गई, बाद में खतौली थाने लाया गया। पकड़े गए आरोपियों के परिजन भी खतौली थाने पहुंचे। उन्होंने तीनों को निर्दोष बताया। कहा कि सरेंद्र ने एक किशोरी के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी थी। जिसमें उनके परिजन गवाह थे। इसलिए उन्हें झूठा फंसाया जा रहा है। इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि मृतक सुरेंद्र निवासी महमूदपुर सिखेड़ा थाना बहसूमा पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, जानलेवा हमला, हत्या सहित दुष्कर्म के मुकदमे शामिल हैं। इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस गांव में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। नामजद हरकेश, लवकुश, लोकेश को हिरासत में ले लिया है, उनसे पूछताछ की जा रही है। किसी भी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा।
यह था मामला
बहसूमा थाना क्षेत्र के महमूदपुर सिखेड़ा निवासी सुरेंद्र (60) भैंसी गांव में अपनी बहन जगवती के घर आया हुआ था। सोमवार सुबह सात बजे जगवती अपने बेटे अमित और भाई सुरेंद्र के साथ बुग्गी से खेत में जाने के लिए निकली थी। जंगल मेें सुरेंद्र बुग्गी से शौच करने के लिए उतर गया। जगवती और अमित खेत पर चले गए। काफी देर तक सुरेंद्र नहीं आया। इस बीच जगवती का दूसरा बेटा परविंद्र उसे तलाश करने पहुंचा। काफी तलाश करने पर गंगनहर पटरी के निकट जंगल में सुरेंद्र का लहूलुहान शव पड़ा मिला।