मीरापुर । बृहस्पतिवार देर रात मुठभेड़ में पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। उनसे चोरी की बाइक, ट्रक के दस टायर व चाकू तथा तमंचा बरामद हुआ है।
डीगडेरा के जंगल में रजवाहे की पुलिया पर पुलिस चेकिंग के दौरान कुतुबपुर गंग नहर की तरफ से एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। रुकने का इशारा करने पर वे फायरिंग करते हुए बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। उसका साथी जंगल की तरफ भागने लगा। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
मुठभेड़ की सूचना पर सीओ जानसठ यतेंद्र नागर मौके पर पहुंच गए। गिरफ्तार घायल बदमाश इरफान, निवासी ग्राम शाहपुर थाना गंगोह जिला सहारनपुर व उसका साथी आशु उर्फ आस मोहम्मद, निवासी बेगी नाजर थाना गंगोह जिला सहारनपुर है। दोनों आरोपियों से एक तमंचा, चाकू व चोरी की बाइक बरामद हुई है।
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने करीब डेढ़ माह पहले मीरापुर से सड़क किनारे खड़े दो ट्रकों से दस टायर व अन्य सामान चोरी किया था। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में उपचार दिलाया है। पुलिस ने गिरफ्तार आशु उर्फ आस मोहम्मद की निशानदेही पर ग्राम नथनमल थाना गंगोह जिला सहारनपुर निवासी मुर्तजा के घेर से मीरापुर से चोरी हुए ट्रक के छह व थाना ककरौली क्षेत्र से चोरी हुए चार टायर बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।