संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। भूड क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामाबाद स्थित मदरसा फैजान उस्माने गनी से दो छात्र अचानक लापता हो गए हैं। मदरसा प्रबंधक ने छात्रों के परिजनों के साथ थाने पहुंचकर उनकी गुमशुदगी की तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लापता छात्रों की तलाश शुरू कर दी है।
मदरसा प्रबंधक मोहम्मद सुहैल ने बताया कि 11 वर्षीय मोहम्मद अली और 13 वर्षीय समीर मदरसे में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। मोहम्मद अली जिला बागपत के थाना छपरौली के गांव चौबली का निवासी है।
वहीं, समीर बागपत के थाना बड़ौत के गांव जलालपुर का रहने वाला है। दोनों छात्र रविवार को मोहल्ले में ही एक दुकान से सामान लेने के लिए गए थे। इसके बाद वापस लौटकर नहीं आए।
लापता छात्रों के परिजनों को इस संबंध में जानकारी दी गई। सोमवार को मदरसा प्रबंधक परिजनों के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से दोनों छात्रों को तलाश करने की मांग की। थाना प्रभारी दिनेश चंद ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों छात्रों की गुमशुदगी दर्ज की जा रही है। पुलिस टीम छात्रों की तलाश में जुट गई है।