उपसभापति सहित दो संचालक हटाए गए
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। गन्ना समिति की बैठक में बहुमत से प्रस्ताव पारित कर उपसभापति व संचालक मनोज कुमार तथा दूसरे संचालक धर्म सिंह को हटा दिया गया है। इस दौरान सुरक्षा को लेकर पीएसी बल मौजूद रहा।
मंसूरपुर गन्ना समिति के संचालकों की बैठक समिति कार्यालय में संपन्न हुई। अध्यक्षता डायरेक्टर राजेश्वर आर्य ने की। समिति सचिव विश्वामित्र पाठक ने बताया कि समिति के संचालक व उपसभापति मनोज कुमार ने 7 फरवरी को उनके साथ खाईखेड़ी में अभद्र व्यवहार कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई थी। इसकी शिकायत उन्होंने जिला गन्ना अधिकारी से की थी। जिला गन्ना अधिकारी ने सचिव की शिकायत की जांच की तथा उसे सही मानते हुए मंसूरपुर प्रबंध कमेटी को संचालक मनोज कुमार के बारे में निर्णय करने का अधिकार दिया था। बैठक में बुधवार को संचालक मनोज कुमार सहित सभी 9 डायरेक्टर उपस्थित रहे। संचालकों की बैठक में बहुमत से मनोज कुमार को गन्ना समिति की प्राथमिक सदस्यता व डायरेक्टर के पद से हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया। सचिव ने बताया कि मनोज कुमार समिति के उपसभापति थे, इसलिए वह उप सभापति के पद से भी हट गए हैं। दूसरे संचालक धर्म सिंह को लगातार समिति की तीन बैठकों में भाग न लेने के कारण नियमानुसार संचालक पद से हटा दिया गया है। इस दौरान समिति में सुरक्षा को लेकर पीएसी बल तैनात रहा।