चिकित्सक की मां ने कोर्ट के माध्यम से दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। होम्योपैथी चिकित्सक से दो लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया है। आरोप एक महिला पर लगाया गया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने चिकित्सक की मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
भरतिया कालोनी निवासी महिला सुमन गोयल ने नई मंडी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया हैं। इसमें बताया कि उनका बेटा अनुराग होम्योपैथी डाक्टर हैं। उनके पास डिप्रेशन का इलाज कराने के लिए महिला मेघा का आना जाना था। उसने झूठे मुकदमे में फंसाने का भय दिखाकर बेटे से पांच लाख रुपये ऐंठ लिए थे। क्लीनिक बंद कराने की धमकी देकर दो लाख की मांग की जा रही हैं। उनके बेटे पर हमला भी किया गया। आरोपी महिला अपने पति की मदद से किसी घटना को अंजाम दे सकती हैं। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की हैं।
ट्रांसपोर्टर का मोबाइल लूटा, आरोपी पकड़ा
मुजफ्फरनगर। कूकड़ा में ट्रांसपोर्ट का काम करने वाले मोनूपाल ने नई मंडी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया कि वह अपनी दुकान बंद कर मोबाइल पर बात करते हुए घर के लिए चले थे। रास्ते में दो युवकों ने मोबाइल लूट लिया। पीछा कर निराना सिखेड़ा निवासी वसीम को पकड़ लिया जबकि उसका साथी उनका मोबाइल लेकर भाग गया। उसने अपने फरार साथी का नाम जावेद बताया हैं। पकडे़ युवक को पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
प्लास्टिक से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ी
मुजफ्फरनगर। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी दिवाकर देव गहलौत ने मखियाली चेक पोस्ट के पास प्लास्टिक वेस्ट से भरी ट्रैक्टर ट्राली पकड़कर नई मंडी कोतवाली पुलिस को सौँपी है। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया हैं।