तितावी। गांव खेड़ी दूधाधारी में हुई ग्राम पंचायत सचिव अर्जुन देशवाल की हत्या में शामिल ग्राम प्रधान के दो बेटों को पुलिस ने पीनना के पास से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा-कारतूस व फावड़ा बरामद कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी दूधाधारी निवासी अर्जुन देशवाल सदर ब्लॉक कूकड़ा में ग्राम पंचायत सचिव के पद पर था। 27 दिसंबर की दोपहर नाली के विवाद में ग्राम प्रधान विनोद ने परिजनों के साथ हमला कर अर्जुन देशवाल की हत्या कर दी थी, जबकि उसके दो भाई इंदु व अंशुल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों घायल मेरठ के अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी विनोद को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो दिन पूर्व दूसरे हत्यारोपी प्रवेंद्र को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। एसओ राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि बृहस्पतिवार को हत्यारोपी ग्राम प्रधान विनोद के दो बेटों सुमित व अंकित को भी पीनना के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा-कारतूस और फावड़ा बरामद कर उन्हें भी जेल भेज दिया गया।