भोपा। गांव सिकंदरपुर में देर शाम दो बाइकों की भिड़ंत हो गई, जिसमें दोनों बाइक सवार लोगों की मौत हो गई हैं। दोनों बाइक सवार एक ही गांव सिकंदरपुर निवासी हैं।
एक व्यक्ति गंग नहर की ओर जा रहा था तो दूसरा गंग नहर से गांव की ओर आ रहा था। क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर में गांव के निकट बने पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर हुई कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों व पुलिस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। दोनों की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
वहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सिकंदरपुर निवासी 50 वर्षीय समरपाल उर्फ नीलू और 45 वर्षीय आजाद के रूप में हुई। बताया कि समरपाल उर्फ नीलू बाइक से सिकंदरपुर घर वापस लौट रहा था जबकि आजाद गांव सिकंदरपुर से नहर पटरी की ओर जा रहा था।
गांव के पास ही पेट्रोल पंप के निकट दोनों की बाइक की टक्कर हुई हैं। समरपाल के परिवार में पत्नी कुसुम, बेटा अर्पित व बेटी शगुन है जबकि आजाद के परिवार में पत्नी पुष्पा, बेटा शुभम वह रजत है। दोनों ही किसान हैं। परिवार व गांव में शोक है।
सीओ लक्ष्मण वर्मा का कहना है कि देर रात तक कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।