मीरापुर। रामराज क्षेत्र के जैन क्रेशर के समीप एक कार ईंट लेकर जा रही घोड़ा-बुग्गी में पीछे से टकरा गई, जिसमें घोड़ा बुग्गी मालिक तथा कार चालक घायल हो गए। रामराज थाना क्षेत्र के गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर निवासी युवक विष्णु रामराज के निकट स्थित ईंट भट्टे से ईंट लेकर गुरुवार की दोपहर रामराज जा रहा था। विष्णु के साथ ही दूसरी घोड़ा बुग्गी लेकर रामराज निवासी अर्जुन भी चल रहा था। जब दोनों युवक घोड़ा-बुग्गी लेकर दिल्ली पौड़ी राजमार्ग पर जैन क्रेशर के निकट पहुंचे तो मीरापुर की और से आई एक कार विष्णु की घोड़ा-बुग्गी में पीछे से टकरा गई। जिससे विष्णु सड़क पर जा गिरा तथा घोड़ा आगे चल रही अर्जुन की घोड़ा बुग्गी से जा टकराया। हादसे में विष्णु व घोड़ा घायल हो गया। कार चालक बिजनौर निवासी अंश भी घायल हो गया। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायल विष्णु को जानसठ अस्पताल भिजवाया। कार चालक को रामराज के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। पुलिस को तहरीर नही दी गई थी।