मोरना। शुकतीर्थ के गंगा-स्नान मेला में दूरदराज़ क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर पितरों को दीपदान कर तर्पण किया। आश्रमों में कथाएं, सत्संग भजन की रसधारा में श्रद्धालु डूबे नजर आए। सांस्कृतिक कार्यक्रम और रागनियों का भी आयोजन हुआ। मुख्य गंगा स्नान शुक्रवार को होगा। एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने तैयारियों का जायजा लिया। गंगा स्नान कर श्रद्धालुओं ने पितरों के तर्पण के लिए दीपदान। नगर के मंदिरों में प्रसाद चढ़ाकर साधु-संतो का आशीर्वाद लिया। बाजार में पूजा-पाठ, साज सिंगार और बच्चों के लिए खिलौनों की जमकर खरीददारी की। मुख्य बाजार, गंगा घाट, मेला ग्राउंड पर चहल-पहल बनी रही। नगर के मंदिरों में घंटे-घड़ियालों व मंत्रोच्चारण की भजन-कीर्तन की ध्वनि गुंजायमान रही। प्राचीन शुकदेव आश्रम, हनुमत धाम, गणेश धाम, दुर्गा धाम, शनि धाम, मां पार्वती धाम, दंडी आश्रम, मां पीतांबरा आश्रम, देवी पूर्णागिरी आश्रम सहित नगर के सभी मंदिरों, आश्रमों व धर्मशालाओं में सत्संग, भजन-कीर्तन किया गया। अमेठी से पधारे अनूप द्विवेदी महाराज ने गंगा घाट पर डमरू बजाकर मां गंगा का आह्वान किया।