छात्रों के दो गुटों में हाथापाई की नौबत
भोपा। भोपा के एक इंटर कालेज के दो छात्रों के बीच चार दिन पूर्व परेड के समय किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हो गई थी। मामला इतना बढ़ गया कि कालेज की छुट्टी होने के बाद छात्रों के दोनों गुटों में मारपीट तक की नौबत आ गई।
बृहस्पतिवार को जैसे ही कालेज की छुट्टी होनी थी, तो ठीक 15 मिनट पहले एक पक्ष के निकटवर्ती गांव के छात्र वाहन में सवार होकर लाठी डंडों के साथ तथा कुछ छात्र बाइकों पर सवार होकर स्कूल गेट पर पहुंच गए। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दे दी। झगड़ा होने की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस को देखकर लाठी व डंडे लाने वाले छात्र भाग निकले। इतना ही नहीं पुलिस के डर से आधा दर्जन से भी अधिक छात्र आसपास खेतों में छुप गए। कार्यवाहक थाना प्रभारी जगपाल सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और कालेज के सीसीटीवी की फुटेज की जांच कराई जा रही है। कालेज में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले छात्रों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दोनों पक्षों के छात्रों के जिम्मेदार लोगों को बुलाया गया है। उनसे बातचीत की जाएगी।