मंसूरपुर। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे 58 पर देर शाम बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर जा रहे दो इंजीनियरों की बाइक में पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक सवार दोनों इंजीनियर तमिलनाडु निवासी अविनेश (26) रामानुजन (29) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी है।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर रेलवे लाइन में कार्यरत दो इंजीनियर अविनेश (26) पुत्र शंकर निवासी तिरुपुर तमिलनाडु तथा उसका साथी माधव रामानुजन पुत्र पार्थ सिरदी निवासी तिरुनेलवेली तमिलनाडु बाइक पर सवार होकर मेरठ से मुजफ्फरनगर जा रहे थे।
देर शाम नेशनल हाईवे पर धौला पुल के पास उनकी बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को अंजाम देकर वाहन को लेकर उसका चालक भाग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उनके शव मोर्चरी भिजवा दिए।
काफी प्रयासों के बाद पुलिस दोनों की पहचान करा पाई। रेलवे सूत्रों ने बताया कि दोनों युवक 3 साल से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर रेलवे लाइन परियोजना में इंजीनियर के रूप में तैनात थे। माधवन विवाहित थे। वह साइट इंजीनियर थे। जबकि अविनेश अविवाहित थे और टेस्टिंग इंजीनियर थे। वह दोनों मुजफ्फरनगर की नई मंडी भरतिया कॉलोनी में रह रहे थे।
मंसूरपुर थाना पुलिस ने बताया कि दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाए गए हैं।