तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के चैंबर में चोरी
खतौली। तहसील परिसर स्थित चार अधिवक्ताओं के चैंबर के ताले तोड़कर इन्वर्टर-बैटरी व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। घटना से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने पुलिस को तहरीर देकर चोरी का खुलासा किए जाने की मांग की है।
खतौली तहसील परिसर में स्थित अधिवक्ता योगेश खारी, नवीन उपाध्याय, सुलेमान खान, दिमाग सिंह के चैंबरों में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने धावा बोलकर गेट के ताले तोड़ डाले। बदमाश सभी अधिवक्ताओं के यहां से इन्वर्टर-बैटरी और अन्य कीमती सामान ले उड़े। शनिवार सुबह अधिवक्ता चैंबर पहुंचे, तो उन्हें घटना का पता चला, जिससे उनमें आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी चैंबरों का निरीक्षण किया। पीड़ित अधिवक्ताओं ने घटना की तहरीर देकर जल्द खुलासे की मांग की है। इंस्पेक्टर एचएन सिंह ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर अधिवक्ताओं को शांत किया।