हादसों में युवक सहित दो की मौत
मुजफ्फरनगर/सिखेड़ा। शहर के मेरठ रोड स्थित वहलना कट व सिखेड़ा क्षेत्र में हुए हादसों में अधेड़ और युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मेरठ रोड स्थित वहलना कट के निकट सोमवार देर रात बाइक सवार अधेड़ को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराई, तो शव की पहचान मंसूरपुर क्षेत्र के गांव पुरबालियान निवासी रियाजुद्दीन (50) के रूप में हुई। इस पर पुलिस ने अधेड़ के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। उधर, मीरापुर के गांव चुड़ियाला निवासी वसीम (23) सोमवार को गांव के ही चांद के साथ किसी काम से बाइक पर मुजफ्फरनगर आया था। यहां से देर रात लौटते समय जब दोनों युवक सिखेड़ा क्षेत्र में रजबहे के पास पहुंचे, अचानक सामने से आते तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वसीम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चांद गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल भेजते हुए शव को भी कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। हादसे के आरोपी ट्रक चालक तितावी निवासी वाहिद को गिरफ्तार कर लिया गया है। वसीम के भाई रिजवान ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है।