चरथावल क्षेत्र में जनवरी 2019 में दो बहनों के साथ की गई थी वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। अदालत ने दो बहनों को बहला फुसलाकर दुष्कर्म करने के दो दोषियों को सजा सुनाई है। मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट कोर्ट नंबर-एक) रितिश सचदेवा ने की।
विशेष लोक अभियोजक विक्रांत राठी, प्रदीप बालियान और वादी के अधिवक्ता सतेंद्र सैलान ने बताया मामला चरथावल क्षेत्र में जनवरी 2019 का है। आरोपी कृष्णा और राहुल के खिलाफ दो सगी बहनों को बहला फुसलाकर ले जाने, दुष्कर्म और पॉक्सो की धाराओं में मुकदमा कायम हुआ था। विवेचक ने दोनों के खिलाफ आरोप पत्र प्रेषित किया। अभियोजन पक्ष ने नौ गवाह पेश किए।
अदालत ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद विभिन्न धाराओं में कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई। राहुल को पॉक्सो एक्ट में 18 साल और 25 हजार रुपये जुर्माना, 363 में पांच साल सजा और पांच हजार जुर्माना एवं धारा 366 में आठ वर्ष का कारावास और 15 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई गई। सभी सजा एक साथ चलेंगी। इसके अलावा कृष्णा को पॉक्सो को छोड़कर अन्य सभी धाराओं में 15 साल का कारावास और 40 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई।
न्यायाधीश ने अर्थदंड की राशि में से 50-50 प्रतिशत राशि राज्य सरकार एवं पीड़िताओं को बतौर प्रतिकर और चिकित्सीय व्यय के अलावा पुनर्वास प्रतिकर पूर्ति के लिए दिए जाने के आदेश पारित किए है।