भोपा। गंगनहर पटरी जौली मार्ग पर बुधवार देर रात दो बाइकों में टक्कर हो गई। हादसे में बीकॉम के छात्र मुजफ्फरनगर निवासी संचित शर्मा (21) व खतौली के गांव खांजापुर निवासी राजन (25) की मौत हो गई थी जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया है।
बुधवार देर रात भोपा के निकट गंग नहर पटरी जौली मार्ग पर हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि मुजफ्फरनगर की शिवपुरी कॉलोनी निवासी छात्र संचित शर्मा (21) भोपा से गंगनहर पटरी होते हुए बाइक पर किसी कार्य से जौली की ओर जा रहा था। उधर, जौली की तरफ से बाइक पर तीन दोस्त खांजापुर खतौली निवासी राजन (25), खेड़ी कुरैशी खतौली निवासी अश्वनी व शेखपुरा खतौली निवासी दीपक भोपा आ रहे थे। राजन व संचित की बाइक गंगनहर पटरी जौली मार्ग पर टकरा गई। हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं।
चारों घायल युवकों को पुलिस व राहगीरों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा पर पहुंचाया। चिकित्सकों ने संचित शर्मा को मृतक घोषित कर दिया। दूसरी बाइक सवार घायल तीनों युवकों अश्वनी, दीपक, राजन को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहां राजन को मृत घोषित कर दिया। घायल अश्विनी व दीपक को जिला चिकित्सालय से मेरठ भेजा गया। सूचना के बाद दोनों मृतकों व घायलों के परिजन भोपा थाना पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सीओ भोपा देवव्रत वाजपेई का कहना है कि किसी भी पक्ष ने अभी तहरीर नही दी है।
चार बहन भाइयों में सबसे छोटा था संचित
मृतक संचित शर्मा के बड़े भाई मयंक शर्मा ने बताया कि संचित परिवार का लाडला व चार बहन-भाइयों में सबसे छोटा था। बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था। पिता संजीव शर्मा की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में माता रेखा शर्मा, भाई मयंक शर्मा दो शादीशुदा बहन शिवानी शर्मा वह छवी शर्मा है। बृहस्पतिवार को गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
बाइक मिस्त्री है मृतक व घायल दोनों युवक
भोपा। भोपा निवासी सोनू सैनी ने बताया कि राजन, दीपक, अश्वनी तीनों आपस में दोस्त थे। मृतक राजन सैनी उसका साला था। वह और उसका दोस्त दीपक बाइक रिपेयर का काम करता था। अश्वनी भी बाइक पर स्टीकर, लेमिनेशन आदि का काम करता हैं। तीनों खतौली से भोपा आ रहे थे। मृतक के परिवार में पिता मुकेश, माता बिन्नों, बड़ा भाई राहुल, शादीशुदा बहन रजनी, रवीना सहित पत्नी खुशी व एक माह का बेटा हैं। शव का गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। संवाद
नहीं था किसी के पास हेलमेट
पुलिस का कहना है कि बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नही लगाया था। अगर हेलमेट होता तो दोनों मृतकों की जान बच सकती थी। इसलिए वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग जरूर करना चाहिए।
राजन का फाइल फोटो