अफसार हत्याकांड में पकड़े दो आरोपी फोटो पुलिस
मुजफ्फरनगर। खालापार निवासी डेयरी संचालक अफसार हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि तीसरे आरोपी सभासद की तलाश की जा रही है। पुलिस ने पकड़े गए हत्यारोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि एक सूचना के आधार पर वहलना से मीनाक्षी चौक की ओर जाते हुए मिनोचा हॉस्पिटल के कट पर हत्यारोपी फिरदौस नगर खालापार निवासी आवेज तथा मोहम्मद तालिब उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू फव्वारा चौक से मेरठ रोड जाने वाले मार्ग पर खाली प्लाट में झाड़ियों से बरामद किया गया। इसके अलावा आरोपियों के पास से एक बुलेट बाइक भी बरामद की गई है। इसी बाइक पर स्टंट किया जा रहा था। तीनों आरोपी इसी बाइक पर सवार होकर आए थे और उसी पर बैठ कर भागे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर उन्हें कोर्ट में पेश कर दिया।
पुलिस का कहना है कि अफसार सड़क पर कुर्सी बिछाकर बैठता था। सड़क तंग होेने के कारण पहले भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। घटना वाली रात भी स्टंट व कुर्सी बिछाने को लेकर विवाद हुआ था। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके पर आए थे। इसी दौरान साहिल ने हमला किया था। तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने जल्द पकड़ने का दावा किया है। बरामद बाइक आवेज की है।