बाइक चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, पांच बाइकें बरामद
मुजफ्फरनगर। शहर के कच्ची सड़क पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच बाइकें, तमंचा, कारतूस बरामद किया गया है।
सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सोमवार सुबह कच्ची सड़क क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बाइक पर आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोका। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि आरोपियों की तलाशी लिए जाने पर उनके पास से तमंचा-कारतूस बरामद किया गया। उनके पास मिली बाइक भी चोरी की पाई गई, जिस पर पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की चार अन्य बाइकें भी बरामद की गईं।
इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि आरोपियों मदीना कॉलोनी निवासी फरमान और जुनैद ने पूछताछ में बताया कि वे जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही पास के अन्य जनपदों से भी बाइकें चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की बाइकों को फर्जी कागज बनवाकर बेच दिया करते थे। आरोपियों से पूछताछ के बाद बेची गई बाइकों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।
सर्विलांस टीम ने 45 मोबाइल फोन बरामद किए
मुजफ़्फरनगर। सर्विलांस टीम ने पिछले कुछ समय में चोरी किए गए व खोए हुए 45 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सोमवार दोपहर पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेसवार्ता करते हुए एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गीय ने बताया कि बरामद किए गए मोबाइल फोन में 44 स्मार्ट फोन व एक साधारण फोन है। इन सभी को सर्विलांस टीम प्रभारी इंस्पेक्टर सुधीर कुमार द्वारा अपनी टीम के साथ लगातार ट्रेस किया गया। इसके बाद सभी मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं। एसपी सिटी ने बताया कि बरामद सभी मोबाइल फोन के मालिक भी चिह्नित कर लिए गए हैं, जिन्हें उनके मोबाइल फोन लौटा दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।